बडी खबरेंराज्यहरियाणा

पानीपत में दर्दनाक सड़क हादसा: चाचा-भतीजे की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर और 8 साल के बच्चे की जान गई, पुलिस ने शुरू की जांच

Panipat:हरियाणा के पानीपत जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। इस हादसे ने एक ऐसे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जहां कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी।

जानकारी के अनुसार, बबैल गांव निवासी 14 वर्षीय गुनित और उसका 8 साल का भतीजा विनीत उर्फ वंशु मोटरसाइकिल पर सवार होकर पल्हेड़ी गांव से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पल्हेड़ी-बबैल रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

परिवार और ग्रामीणों के मुताबिक, घर में तीन दिन बाद एक लड़की की शादी थी और उसी के चलते ‘बान’ की रस्म चल रही थी। इस दौरान दोनों बच्चे किसी काम से बाहर गए थे। हादसे की खबर मिलते ही शादी का माहौल मातम में बदल गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button