Delhi Crime News: गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या से सनसनी, लूटपाट के एंगल से जांच तेज
घर में घुसकर महिला और 13 वर्षीय बेटे पर चाकू से हमला, नकदी और गहने गायब मिलने से बढ़ा शक
नई दिल्ली: गोविंदपुरी इलाके में मां-बेटे की हत्या की वारदात (Delhi Crime News)से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात घर के अंदर 38 वर्षीय महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान शारदा साहू और उनके सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के रूप में हुई है। पुलिस को घटना की सूचना देर रात करीब 1 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी के अनुसार महिला के पति विष्णु साहू, जो फल और सब्जियां बेचने का काम करते हैं, देर रात घर लौटे तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर पहुंचने पर उन्होंने पत्नी और बेटे को खून से लथपथ हालत में पाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले हैं। जांच के दौरान घर की अलमारियों से नकदी और कुछ आभूषण गायब पाए गए, जिससे लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हुई है।
घटनास्थल पर अपराध शाखा और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने हत्या और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
