पंजाब

Punjab News: 35 लाख रुपये का चैंपियन भैंसा ‘राजा’ चोरी, तलाश में जुटा परिवार; सुराग देने वाले को मिलेगा 1 लाख का इनाम

कपूरथला के काला संघियां गांव से 20 वर्षीय रेसिंग भैंसा राजा और दो अन्य पशु लापता हैं। परिवार के मुताबिक, राजा 100 से अधिक प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज कर चुका है

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला जिले के काला संघियां गांव (चैंपियन भैंसा ‘राजा’)से प्रसिद्ध रेसिंग भैंसा ‘राजा’ के चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार के अनुसार, करीब 35 लाख रुपये कीमत वाले 20 वर्षीय राजा के साथ दो अन्य भैंसें भी गायब हैं। घटना के बाद से परिवार उसकी तलाश में जुटा है। परिजनों ने राजा का सुराग देने या उसकी वापसी में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।

100 से ज्यादा प्रतियोगिताओं में जीत चुका है राजा

राजा अपनी ताकत और तेज रफ्तार के कारण पारंपरिक पशु दौड़ प्रतियोगिताओं(चैंपियन भैंसा ‘राजा’) में खास पहचान रखता था। परिवार के मुताबिक, उसने अपने रेसिंग करियर में 100 से अधिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और जीत हासिल की। इन प्रतियोगिताओं में उसने ट्रैक्टर, कार, 87 मोटरसाइकिलों और लाखों रुपये के नकद पुरस्कार जीते थे।

परिवार का दावा है कि राजा लगातार 10 साल तक धापई बैल दौड़ मेले और छह साल तक नट्टां दी दौड़ का विजेता रहा। उसकी लोकप्रियता केवल काला संघियां गांव तक सीमित नहीं थी, बल्कि आसपास के इलाकों में भी लोग उसे पहचानते थे। राजा की प्रतियोगिताओं के पुराने वीडियो आज भी इंटरनेट मीडिया पर देखे जाते हैं।

खेत में बांधा था राजा, सुबह तीनों पशु मिले गायब

परिवार के सदस्य जसकरण सिंह के अनुसार, करीब 20 दिन पहले राजा को खेत में मोटर और कुएं के पास बांधा गया था। अगली सुबह जब परिजन वहां पहुंचे तो राजा और उसके साथ मौजूद दो अन्य भैंसें गायब थीं। परिवार ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी।

प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध बोलेरो कैंपर जैसी गाड़ी में तीन पशुओं को ले जाते हुए देखा गया है। हालांकि, पशुओं को ले जाने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिवार को आशंका है कि राजा को अपने वश में करने के लिए कोई नशीला पदार्थ दिया गया हो सकता है, क्योंकि वह अनजान लोगों को आसानी से अपने पास नहीं आने देता था। हालांकि, नशीला पदार्थ दिए जाने की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बादाम, मखाने और देसी घी था राजा की खुराक का हिस्सा

राजा की देखभाल के लिए परिवार विशेष इंतजाम करता था। परिजनों के मुताबिक, सामान्य चारे के अलावा उसे बादाम, मखाने और देसी घी का मिश्रण दिया जाता था। उसकी खुराक और सेहत पर विशेष ध्यान रखा जाता था, ताकि वह प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता बनाए रख सके।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि राजा को कम उम्र में हरीमपुर गांव से लाया गया था। इसके बाद से वह परिवार का अहम हिस्सा बन गया। वर्षों तक प्रतियोगिताओं में जीत दिलाने वाले राजा के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हैं और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

दिसंबर में होनी थी रेसिंग से विदाई

राजा के लापता होने से परिवार को सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि उसे जल्द ही रेसिंग से सम्मानपूर्वक विदाई दी जानी थी। परिवार की योजना दिसंबर में होने वाले बाबा कहान दास बुल रेस टूर्नामेंट में उसे पगड़ी पहनाकर सम्मानित करने की थी।

लंबे समय तक प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने वाले राजा को सम्मान के साथ रेसिंग से संन्यास दिलाने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही उसके चोरी होने की घटना सामने आ गई।

राजा का सुराग देने वाले को मिलेगा एक लाख रुपये का इनाम

परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को राजा या उसके साथ गायब हुई दोनों भैंसों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह परिवार या पुलिस को सूचित करे। राजा की तलाश में मदद करने और उसका सुराग देने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिवार, गांव के लोगों और पशु प्रेमियों को उम्मीद है कि जल्द ही राजा और अन्य दोनों पशुओं का पता चल जाएगा।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button