Chandigarh Chain Snatching: करवाचौथ पर चंडीगढ़ में दो महिलाओं की सोने की चेन झपटी, आधे घंटे में सेक्टर-44 और 47 में वारदात
चंडीगढ़ में करवाचौथ के दिन बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया। दोनों की करीब डेढ़-डेढ़ तोले की सोने की चेन झपटकर आरोपित फरार हो गए
चंडीगढ़: करवाचौथ के दिन चंडीगढ़ में चेन स्नैचिंग(Chandigarh Chain Snatching) की दो घटनाओं से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। शहर के सेक्टर-44 और सेक्टर-47 में करीब आधे घंटे के अंतराल पर दो महिलाओं के गले से सोने की चेन झपट ली गई। पहली घटना में एक सेवानिवृत्त महिला को निशाना बनाया गया, जबकि दूसरी वारदात एलआईसी कार्यालय के पास हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
सेक्टर-44 में कुत्ते को घुमाने निकलीं रिटायर्ड महिला से लूट
चेन स्नैचिंग की पहली घटना सेक्टर-44 में हुई। यहां न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी से सेवानिवृत्त आशा कांत दोपहर करीब 1:20 बजे अपने कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकली थीं। घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता के अनुसार, चेन का वजन करीब डेढ़ तोला था। वारदात के समय आरोपित ने हेलमेट पहन रखा था। सूचना मिलने पर सेक्टर-34 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
सेक्टर-47 में एलआईसी कार्यालय के पास दूसरी वारदात
चेन स्नैचिंग की दूसरी घटना सेक्टर-47 में एलआईसी कार्यालय के पास हुई। यहां काम करने वाली 55 वर्षीय हरजीत कौर दोपहर में भोजन करने के बाद टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक पीछे से आया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित गहरे ग्रे रंग की एक्टिवा पर सवार था। उसने सफेद हेलमेट और मेहंदी रंग की पूरी बाजू वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। पीड़िता के अनुसार, झपटी गई चेन का वजन भी करीब डेढ़ तोला था।
घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर और सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या दोनों वारदातों में शामिल थे एक ही बदमाश?
चंडीगढ़ पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि दोनों वारदातों को एक ही आरोपित ने अंजाम दिया या इसमें अलग-अलग बदमाश शामिल थे। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
त्योहार के दिन हुई इन घटनाओं के बाद सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।




