पंचवटी विकास समिति द्वारा कोरवां विद्यालय परिसर में पौधरोपण व संगोष्ठी हरिशंकरी एवं पंचवटी के 15 पौधे रोपे गए !
रायबरेली-: ( सरेनी )-: प्राथमिक विद्यालय कोरवां, विकास क्षेत्र सरेनी में रविवार को पंचवटी विकास समिति के तत्वावधान में हरिशंकरी और पंचवटी के 15 पौधों का पौधरोपण किया गया। इसके उपरांत पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर एक संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र नाथ द्विवेदी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं। श्रावण मास में वृक्षारोपण साक्षात शिव अर्चन के समान है। पंचवटी विकास समिति का यह प्रयास पर्यावरण के प्रति जागरूकता और खुशहाली लाने की दिशा में एक प्रशंसनीय पहल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी रामविलास सिंह ने कहा कि वृक्षों के बिना मानव अस्तित्व की कल्पना भी असंभव है। ये स्वच्छ वायु, जल, फल, औषधि और छाया प्रदान करते हैं। प्रधानाचार्य आकांक्षा द्विवेदी और शिक्षक सौरभ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शैलेन्द्र पाल ने पौधों की देखभाल हेतु समुचित व्यवस्था की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष रामगुलाम सविता, सचिव डॉ. महादेव सिंह, हनुमंत सिंह, संत बहादुर सिंह काकू, मालती, शिवदेवी, सुरेखा शांति, उमेश चंद्र द्विवेदी, साजन सविता, अंकुश सविता समेत कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

