रायबरेली

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में रजनीश पांडे को मिला ‘राष्ट्र निर्माता सम्मान’ !

रायबरेली -:  दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा रायबरेली के रजनीश पांडे को ‘राष्ट्र निर्माता सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के ब्लू रेडिसन होटल में आयोजित भव्य समारोह में प्रसिद्ध अभिनेता, महाभारत धारावाहिक में युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले तथा पूर्व कुलपति गजेन्द्र चौहान ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। रजनीश पांडे पिछले करीब दो दशक से दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के प्रसार के लिए कार्य कर रहे हैं। शिक्षा को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ शिक्षाविद पवन अग्रवाल ने किया। समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

समारोह को संबोधित करते हुए गजेन्द्र चौहान ने कहा कि शिक्षा के प्रसार से बढ़कर कोई पुनीत कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में औपचारिक शिक्षा के साथ कौशलयुक्त शिक्षा भी आवश्यक है। रोजगार के अवसर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध हैं, ऐसे में युवाओं को अपनी शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कौशलयुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है और शिक्षा के माध्यम से देश के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाना आवश्यक है। सम्मान प्राप्त करने के बाद रजनीश पांडे ने कहा कि ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षा आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने कार्य और सुविधानुसार शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाने की व्यापक संभावनाएं हैं। रजनीश पांडे ने ‘राष्ट्र निर्माता सम्मान’ प्रदान किए जाने पर आयोजकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों की उपस्थिति रही।

 

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button