आरेडिका के डा0 मनीष कुमार ने पहले इंडिया इंटरनेशनल ओपेन 2026 ( पैरा डार्ट्स चैंपियनशिप ) में किया प्रतिभाग

रायबरेली- : आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली के प्रतिभाशाली मण्डल चिकित्सा अधिकारी डा0 मनीष ने पहले इंडिया इंटरनेशनल ओपेन 2026 ( पैरा डार्ट्स प्रतियोगिता ) में प्रतिभाग कर कांस्य पदक प्राप्त किया तथा इनके पु़त्र मास्टर आरुष सागर गुप्ता ने इसी प्रतियोगिता के यूथ अण्डर-18 में क्वार्टर-फाइनलिस्ट पदक हासिल कर आरेडिका का गौरव बढ़ाया है। पहले इंडिया इंटरनेशनल ओपेन 2026 का आयोजन 10 से 12 सितंबर 2026 तक द ललित ग्रेट ईस्टर्न होटल, कोलकाता में किया गया। प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े प्रतिस्पर्धी मुकाबले में डा0 मनीष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
डा0 मनीष की इस उपलब्धि पर आरेडिका की प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 आभा जैन ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर डा0 मनीष ने कहा ‘‘यह उपलब्धि केवल हमारे खेल और मेहनत की जीत नहीं, बल्कि परिवार के संस्कार, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और एक-दूसरे के साथ के विश्वास की जीत है। मेरे लिए इससे बढ़कर खुशी की बात क्या होगी कि एक पिता के रूप में मुझे अपने बेटे के साथ एक ही मंच पर खेलते हुए उपलब्धि हासिल करने का अवसर मिला। आज की यह छोटी-सी जीत, आने वाले बड़े सपनों की नींव है। मेरे माता-पिता, परिवारजनों, मित्रों एवं सभी शुभचिंतकों का हृदय से धन्यवाद, जिनके प्रेम, आशीर्वाद और शुभकामनाओं ने हमें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आप सभी का स्नेह और आशीर्वाद यूँ ही बना रहे। मेहनत जारी रहेगी, लक्ष्य ऊँचे रहेंगे और जीत का सफर भी जारी रहेगा।‘‘ एमसीएफ परिवार ने डा0 मनीष एवं उनके पु़त्र दोनों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएँ दी हैं।



