School Bomb Threat: चंडीगढ़ के कई स्कूलों को फिर मिले धमकी भरे ईमेल, मचा हड़कंप
सेंट स्टीफंस, डीपीएस और चितकारा इंटरनेशनल स्कूल में चला सर्च ऑपरेशन
चंडीगढ़:चंडीगढ़ में एक बार फिर कई निजी स्कूलों को बम धमकी वाले ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार सुबह धमकी भरे मेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-40 के दिल्ली पब्लिक स्कूल और सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई।
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल भवनों, कक्षाओं और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद स्कूल परिसरों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दोबारा कक्षाएं शुरू कर दीं। हालांकि अभिभावकों और छात्रों में कुछ समय तक चिंता का माहौल बना रहा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में यह चौथी बार है जब चंडीगढ़ के स्कूलों और अन्य संस्थानों को इस तरह के धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और नगर निगम कार्यालय जैसे संस्थानों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में अलग-अलग स्कूलों को अलग समय पर ईमेल भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वालों की पहचान करने और उनके स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।



