NIA की एंट्री, बड़ी आतंकी साजिश का शक,कई राज्यों में हमले की आशंका
पाकिस्तान से जुड़े संदिग्धों और भारतीय सहयोगियों पर केस दर्ज
Punjab:भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इस पूरे मामले की जांच अब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने अपने हाथ में ले ली है।अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि यह तस्करी किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जिसका मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों में हमले करना है।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए एजेंसी ने पाकिस्तान में मौजूद एक संदिग्ध आतंकी जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगी शुभम कुमार सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह केस पहले इसी साल फरवरी में पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था, जिसे अब आगे की जांच के लिए एनआईए को सौंप दिया गया है।
जांच में सामने आया है कि ड्रोन के माध्यम से हथियारों के साथ विस्फोटक सामग्री भी भेजी गई थी। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इनका इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।
सूत्रों के मुताबिक, अमृतसर क्षेत्र में खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह पूरा मामला सामने आया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को देखते हुए केस को एनआईए को ट्रांसफर किया गया।सरकार ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर खतरा मानते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल सभी लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं।



