हरियाणा

गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर महिला कैब चालक से सरेराह मारपीट, बाइक सवार पर बदसलूकी का आरोप

एंबियंस मॉल के सामने रास्ता रोककर की अभद्रता, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Haryana:गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक महिला कैब चालक के साथ सरेराह मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना एंबियंस मॉल के सामने की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद डीएलएफ फेज-तीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता रजनी मूल रूप से दिल्ली के बदरपुर इलाके की रहने वाली हैं और दिल्ली-एनसीआर में कैब चलाने का काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी कैब लेकर दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एंबियंस मॉल के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने अचानक उनकी कार के सामने बाइक लगा दी।

अचानक बाइक सामने आने से महिला चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकनी पड़ी। आरोप है कि गाड़ी रुकते ही बाइक सवार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला चालक के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और उसकी मोटरसाइकिल का नंबर पता लगाया जा सके।

डीएलएफ फेज-तीन थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button