उत्तराखंडलखनऊ

निवेश की नई उड़ान से औद्योगिक विकास के पथ पर बरेली !

दिनांक: – (31.08.2026 ) -: जीबीसी-5.0 ने बढ़ाया उद्योगों का भरोसा, हजारों करोड़ के निवेश से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक प्रभाव बरेली जनपद में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 के माध्यम से जनपद में औद्योगिक निवेश को नई गति मिली है और बड़ी संख्या में निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर रहे हैं।
जीबीसी-5.0 के अंतर्गत बरेली के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनपद में अब तक 337 एमओयू के माध्यम से 19,637 करोड़ रुपये के निवेश के करार हुए हैं। इनमें से 228 कंपनियों द्वारा परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा चुका है, जिनके तहत लगभग 9,426 करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। इन परियोजनाओं से लगभग 13,844 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना का दावा व्यक्त किया गया है।

लक्ष्य से आगे बढ़ा बरेली

15 हजार करोड़ रुपये के निर्धारित निवेश लक्ष्य के मुकाबले प्राप्त निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा 19,637 करोड़ रुपये तक पहुंचना बरेली के औद्योगिक वातावरण में बढ़ते निवेशकों के विश्वास को दर्शाता है। उद्योग विभाग द्वारा निवेशकों से निरंतर संवाद, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किए जाने से निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने में तेजी आई है। पूर्व में जीबीसी के माध्यम से प्राप्त निवेश प्रस्तावों में भी बड़ी संख्या में परियोजनाएं संचालित हो चुकी हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि बरेली अब केवल निवेश प्रस्ताव प्राप्त करने वाला जनपद नहीं, बल्कि निवेश को वास्तविक औद्योगिक इकाइयों में बदलने वाले प्रमुख जिलों में अपनी पहचान बना रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों में निवेश से बढ़े रोजगार के अवसर

जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उपलब्ध विवरण के अनुसार कई उद्यमियों ने करोड़ों रुपये की परियोजनाएं स्थापित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया है। रियल एस्टेट एवं हाउसिंग, रिटेल, शिक्षा, डेयरी तथा खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है। बड़े निवेश के साथ-साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। ये इकाइयां स्थानीय युवाओं को उनके गृह जनपद में ही रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय कच्चे माल, परिवहन, सेवाओं और अन्य सहायक गतिविधियों की मांग को बढ़ावा देती हैं।

उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर

निवेश परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग द्वारा निवेशकों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। भूमि, विद्युत, अनापत्ति प्रमाण पत्र, लाइसेंस तथा अन्य विभागीय अनुमतियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की यह कार्यप्रणाली बरेली में औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं को मजबूत कर रही है। शासन स्तर पर भी जीबीसी-5.0 के निवेश को प्रत्येक जनपद तक पहुंचाने तथा निवेशकों की समस्याओं का समय से समाधान करने पर जोर दिया गया है।

बरेली बना निवेशकों के लिए भरोसेमंद ठिकाना

बरेली की भौगोलिक स्थिति, बेहतर कनेक्टिविटी, बढ़ता शहरी बाजार, कुशल मानव संसाधन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं इसे निवेश के लिए अनुकूल बनाती हैं। जीबीसी-4.0 में भी बड़ी संख्या में निवेश करार हुए थे और उनमें से कई परियोजनाएं स्थापित होकर उत्पादन प्रारंभ कर चुकी हैं। जीबीसी-5.0 की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि बरेली में निवेश केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। हजारों करोड़ रुपये के निवेश से जहां औद्योगिक आधार मजबूत हो रहा है, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

निवेश से विकास और विकास से रोजगार

बरेली में बढ़ता औद्योगिक निवेश जनपद की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के साथ ही रोजगार, व्यापार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आने वाले समय में निवेश प्रस्तावों के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन से बरेली के औद्योगिक परिदृश्य में और व्यापक बदलाव की उम्मीद है। बरेली की यह सफलता केवल करोड़ों रुपये के निवेश की कहानी नहीं है, बल्कि यह बदलते औद्योगिक वातावरण, उद्यमियों के बढ़ते विश्वास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलने की कहानी है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button