Biogas Plant Controversy: बायो गैस प्लांट के विरोध में उतरे लोग, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
जींद में रिहायशी इलाके से प्लांट हटाने की मांग तेज, कांग्रेस बोली- लोगों की सांसों की लड़ाई लड़ेंगे
जींद: हरियाणा के जींद में गोहाना रोड स्थित बायो गैस प्लांट को लेकर विरोध (Biogas Plant Controversy) लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों और विभिन्न कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी परेशानी रखते हुए प्लांट को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की मांग की।
लघु सचिवालय के बाहर आयोजित प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मामला जनस्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है और इसे राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उठाया जाएगा।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आबादी के बीच बायो गैस प्लांट स्थापित करना स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी कर प्लांट को मंजूरी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जवाब मांगा जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने इस मामले को लोगों की “सांसों पर हमला” बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में प्लांट के विरोध में होने वाले हर आंदोलन और महापंचायत में वह लोगों के साथ खड़े रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर कई अन्य मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। इनमें बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और परीक्षा संबंधी विवाद शामिल रहे।
वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



