हरियाणा किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, समय पर मिलेगा प्रमाणित गेहूं बीज
रबी सीजन से पहले सरकार की बड़ी तैयारी, बीज पैकिंग के लिए ४ करोड़ मंजूर, चौड़ी कतारों में गन्ना लगाने पर अब ५ हजार रुपये प्रति एकड़
Haryana:श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को समय पर प्रमाणित गेहूं बीज उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। किसानों को बुवाई से पहले उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बीज पैकिंग हेतु लगभग ४ करोड़ रुपये की लागत से बैग खरीदने को मंजूरी दी है।
हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कृषि मंत्री ने बताया कि हरियाणा बीज विकास निगम के लिए हाई डेंसिटी पॉलीथिन बैग और जूट बैग खरीदने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। सरकार का उद्देश्य रबी सीजन शुरू होने से पहले बीज प्रोसेसिंग और पैकिंग कार्य को समय पर पूरा करना है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने कहा कि प्रोसेसिंग और पैकिंग पूरी होने के बाद किसानों को प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले गेहूं बीज रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे फसल उत्पादन बढ़ाने और कृषि उत्पादकता मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस फैसले से हरियाणा बीज विकास निगम की हिसार, सिरसा, टोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी स्थित इकाइयों में बीज प्रोसेसिंग और पैकिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा। सरकार राज्य की बीज आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।
इसी दौरान कृषि मंत्री ने गन्ना किसानों के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि “गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन” के तहत अब जो किसान ४ फुट की दूरी पर चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करेगा, उसे सरकार की ओर से ५ हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे पहले किसानों को ३ हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता मिलती थी।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में की गई घोषणा को अब आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और आधुनिक खेती को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि राज्य की आर्थिक और सामाजिक मजबूती का आधार भी है। सरकार किसानों को बेहतर बीज, आधुनिक तकनीक और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।



