हरियाणा में छुट्टी लेना हुआ आसान, NHM कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन लीव सिस्टम शुरू
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव की डिजिटल पहल; आवेदन से मंजूरी तक पूरी प्रक्रिया होगी पारदर्शी और तेज
Haryana:हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक सुधार और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) हरियाणा के तहत ‘समग्र ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन प्रणाली’ शुरू करने की घोषणा की है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद NHM से जुड़े कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए अब जटिल और लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। कर्मचारी कैजुअल लीव, एक्स्ट्राऑर्डिनरी लीव और मैटरनिटी लीव के लिए सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा विदेश यात्रा के लिए आवश्यक एनओसी (NOC) की प्रक्रिया भी पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है।
इस पोर्टल को यूज़र-फ्रेंडली तरीके से तैयार किया गया है, जहां कर्मचारी आसानी से छुट्टी की अवधि (कब से और कब तक) चुन सकेंगे। इससे आवेदन में त्रुटियों की संभावना कम होगी और प्रक्रिया अधिक सरल बनेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसकी पारदर्शिता और गति है। जैसे ही कोई कर्मचारी आवेदन करेगा, संबंधित अधिकारी—रिपोर्टिंग, रिव्यूइंग और अप्रूविंग अथॉरिटी—को तुरंत एसएमएस के जरिए सूचना मिल जाएगी। साथ ही कर्मचारी को भी मोबाइल पर ही आवेदन की स्थिति (मंजूर या अस्वीकृत) की जानकारी मिलती रहेगी।
नई प्रणाली के तहत एक्स्ट्राऑर्डिनरी लीव जैसे मामलों में जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा, जिससे अधिकारी सही मूल्यांकन कर सकें। इस डिजिटल पहल से कागजी कामकाज में कमी आएगी और फाइलों के बोझ से राहत मिलेगी।
सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल कर्मचारियों का समय बचेगा, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली भी अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनेगी।



