Punjab:अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव २०२७ को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया गया है। पार्टी के संरक्षक बापू तरसेम सिंह ने घोषणा की कि सांसद अमृतपाल सिंह को आगामी चुनावों में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाएगा।
यह घोषणा लुधियाना में आयोजित एक विशाल पंथक एकजुटता समारोह के दौरान की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के मुंडियां कला क्षेत्र के तैंतीस फुटा रोड पर किया गया था, जिसकी अगुवाई पार्टी के वरिष्ठ नेता गुरप्रीत सिंह सोनू ने की।
सभा को संबोधित करते हुए बापू तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर दो उपमुख्यमंत्री भी बनाएगी, जिनमें एक हिंदू और एक दलित समुदाय से होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और यही उनकी राजनीति की प्राथमिकता है।
उन्होंने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य को नशे, गैंगस्टरवाद, लूटपाट और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से बाहर निकालने के लिए नई नेतृत्व व्यवस्था की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि जनता अमृतपाल सिंह के नेतृत्व में बदलाव चाहती है और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।
बापू तरसेम सिंह ने उन राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा जो चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पूरा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि अब जनता ऐसे वादों से निराश हो चुकी है और विकल्प की तलाश कर रही है।
इस मौके पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, जिनमें परमजीत सिंह जौहल, प्रिथीपाल सिंह बटाला, राजीव कुमार लवली, संदीप सिंह रुपालों और गुरप्रीत सिंह सोनू शामिल रहे, ने भी सभा को संबोधित किया।
नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में पंजाब की राजनीति में बदलाव संभव है और पंथक विचारधारा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।