अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा, 6 पिस्तौल और कारतूस बरामद
पांच आरोपी गिरफ्तार,ड्रोन के जरिए सीमा पार से लाई जा रही थी हथियारों की खेप
Punjab: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन, मनीष सिंह और किशन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 आधुनिक पिस्तौल और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से सीमा पार मौजूद तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार हथियारों की खेप ड्रोन की मदद से अटारी सेक्टर के रास्ते भारत पहुंचाई जा रही थी, जिसके बाद इन्हें विभिन्न आपराधिक तत्वों तक सप्लाई किया जाता था।
Amritsar पुलिस ने इस मामले में थाना छावनी में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और सप्लाई चैन का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
सीमा क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं। हाल के महीनों में पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने कई ऐसे मॉड्यूल का खुलासा किया है।





