हरियाणा

‘ देश की कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा हब बना फरीदाबाद’ कृष्णपाल गुर्जर

जयपुर मर विवाह समारोह के दौरान बोले केंद्रीय मंत्री , एक्सप्रेसवे से काम हुआ यात्रा का समय

फरीदाबाद | केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार( फरीदाबाद)द्वारा विकसित किए जा रहे आधुनिक एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों के नेटवर्क ने फरीदाबाद को देश की कनेक्टिविटी के प्रमुख केंद्रों में शामिल कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा का समय कम हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन को नई गति मिली है।

जयपुर के होटल फेयरमोंट में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में विकसित हो रहे सड़क अवसंरचना नेटवर्क का सीधा लाभ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और फरीदाबाद को मिल रहा है।

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के शुरू होने से राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र तक की यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने बताया कि पहले फरीदाबाद से जयपुर पहुंचने में लगभग 5 से 6 घंटे लगते थे, जबकि अब यह सफर करीब 3 घंटे में पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि फरीदाबाद से देहरादून, मेरठ, करनाल, पानीपत और यमुनानगर जैसे शहरों तक सड़क संपर्क पहले से बेहतर हुआ है। इसके अलावा दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा का समय भी कम होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क अवसंरचना से उद्योगों की आवाजाही आसान हुई है और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिली है। उनके अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे फरीदाबाद एक प्रमुख विकास केंद्र के रूप में उभर रहा है।

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य देश को आधुनिक, सुरक्षित और तेज सड़क नेटवर्क से जोड़ना है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली-जम्मू एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक सुगम होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका लाभ आम नागरिकों के साथ-साथ उद्योग और व्यापार जगत को भी मिल रहा है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button