सोनीपत में झगड़े के बाद दुकानदार की मौत से हड़कंप, पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज
बढ़मलिक गांव में मारपीट के आरोप के बाद बिगड़ी थी तबीयत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की असली वजह
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने पिता-पुत्र पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर राई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जठेड़ी गांव निवासी राजेश बढ़मलिक गांव में परचून की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उनके साथ कथित तौर पर मारपीट हुई थी। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने मामले में एक पिता और उसके बेटे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए राई थाना पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल, सोनीपत भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





