सीमा पार करने की कोशिश नाकाम, BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया
दाउके गांव के पास भारत-पाकिस्तान सीमा पर शनिवार सुबह हुई कार्रवाई; चेतावनी के बावजूद कंटीली तार पार करने की कोशिश कर रहा था संदिग्ध, पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले
अमृतसर: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने शनिवार सुबह घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को गोली मार दी। यह कार्रवाई अमृतसर जिले के दाउके गांव के पास हुई, जो घरिंडा थाना क्षेत्र में आता है।
BSF के अनुसार, जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कंटीली तार के आसपास झाड़ियों में संदिग्ध गतिविधि नजर आई। जवानों ने इलाके की तलाशी लेते हुए व्यक्ति को बाहर आने और आगे न बढ़ने की चेतावनी दी।
चेतावनी के बावजूद सीमा की ओर बढ़ता रहा
बताया गया कि संदिग्ध झाड़ियों से बाहर आया और कंटीली तार को पार करने की कोशिश करने लगा। BSF जवानों ने उसे रुकने के लिए कई बार चेतावनी दी। इसके बावजूद वह आगे बढ़ता रहा।
स्थिति को देखते हुए जवानों ने गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल घरिंडा थाना पुलिस को दी गई।
शव के पास नहीं मिला पहचान संबंधी दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान या नागरिकता की पुष्टि हो सके। फिलहाल उसकी पहचान अज्ञात बताई जा रही है।
BSF की शिकायत के आधार पर घरिंडा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई
इसी बीच, पंजाब में पाकिस्तान से जुड़ी नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ भी सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई की है। काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर और BSF की संयुक्त टीम ने एक अभियान के दौरान करीब 30 किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है।
कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल से कथित तौर पर नशीले पदार्थ की खेप ले जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फाजिल्का जिले के गांव वले शाह उत्ताड़ निवासी सुखविंदर सिंह और गांव नवान हस्ता निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
सीमा क्षेत्र में घुसपैठ और नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं।





