संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल: पौड़ी पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी जंगल क्षेत्र में भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पुलिस ने सुरक्षित पहुंचाया चौकी, परिजनों के सुपुर्द किया सकुशल एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई, परिजनों ने जताया आभार !

कोटद्वार – : (पौड़ी) – : पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशील और जनसेवा केंद्रित पुलिसिंग का उदाहरण पेश करते हुए संभावित अनहोनी को टाल दिया। कोटद्वार क्षेत्र में जंगल के पास अकेली घूम रही एक महिला को पुलिस ने सतर्कता, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ सुरक्षित संरक्षण में लिया और बाद में उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरी कार्रवाई ने न केवल पुलिस की सजगता को साबित किया, बल्कि आमजन की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर समय तत्पर रहे। उनके निर्देशन में पुलिस बल को सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ प्रत्येक नागरिक की सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में कोतवाली कोटद्वार के अंतर्गत चौकी दुगड्डा क्षेत्र में सूचना मिली कि सिद्धबली मंदिर से आगे लाल पुल के पास जंगल क्षेत्र में एक महिला अकेले घूम रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। वहां महिला संदिग्ध अवस्था में मिली। पूछने पर वह अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी और उसकी स्थिति को देखकर वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी।
महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस उसे चौकी दुगड्डा लेकर आई, जहां शांतिपूर्वक और संवेदनशील तरीके से उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम सतीश्वरी देवी और पता ग्राम गहड़, लैंसडाउन बताया। इसके बाद पुलिस ने महिला के पास मिले मोबाइल फोन की मदद से उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया। मोबाइल फोन के माध्यम से महिला की पुत्री से संपर्क हो सका। पुत्री ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ हरिद्वार में रहकर नौकरी करती है, जबकि उनकी माता गांव में अकेली रहती हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने महिला को चौकी में पूरी सुरक्षा के साथ रखा। चूंकि परिजनों को मौके तक पहुंचने में समय लगना था, इसलिए महिला को चौकी पर सुरक्षित बैठाया गया और उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया गया।
करीब दो घंटे बाद महिला के परिजन चौकी पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। महिला को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पौड़ी पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि पौड़ी पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद, असहाय और संकटग्रस्त लोगों की मदद के लिए भी पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे आ रही है। विशेष रूप से ऐसे मामलों में, जहां किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति सामान्य न हो, वहां धैर्य, समझदारी और मानवीय दृष्टिकोण की बेहद आवश्यकता होती है।
