पंजाब

पंजाब में खेलों को बड़ा बढ़ावा: 509 नए ग्रामीण खेल मैदान शुरू, युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर

पटियाला से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 509 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया; राज्य में अब तक 734 मैदान तैयार

चंडीगढ़: पंजाब में ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला जिले के गांव देधना से विभिन्न जिलों में तैयार किए गए 509 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही शुरू किए गए ग्रामीण खेल मैदानों की कुल संख्या 734 हो गई है।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य गांवों के बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें खेलों व स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ना है।

3,100 ग्रामीण खेल मैदान तैयार करने की योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में 3,100 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदान विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि वर्ष 2026 के लिए खेल क्षेत्र में 1,744 करोड़ रुपये का बजट आवंटित करने की बात कही गई है।

पहले चरण में 255 ग्रामीण खेल मैदान शुरू किए गए थे। दूसरे चरण में 509 नए मैदानों को लोगों के लिए समर्पित किया गया।

कई जिलों के गांवों को मिली नई खेल सुविधाएं

दूसरे चरण में लुधियाना में 43, मानसा में 41, संगरूर में 36, बठिंडा और पटियाला में 34-34, श्री मुक्तसर साहिब में 33 और अमृतसर में 32 ग्रामीण खेल मैदान शामिल हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के गांवों में भी खेल मैदान विकसित किए गए हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे खेल मैदान

इन मैदानों में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और अन्य लोकप्रिय खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाई-मास्ट लाइट, वॉकिंग ट्रैक, फुटलाइट, सुरक्षा के लिए मजबूत बाड़ और बच्चों के लिए मनोरंजन संबंधी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

सरकार के अनुसार, अलग-अलग गांवों में वहां लोकप्रिय खेलों को ध्यान में रखते हुए खेल सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है।

6,000 ग्रामीण जिम भी किए जाएंगे स्थापित

ग्रामीण खेल मैदानों के साथ पंजाब में 6,000 ग्रामीण जिम स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। इनमें से 500 जिम शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। सरकार का लक्ष्य गांवों में युवाओं सहित अन्य लोगों को फिटनेस और नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है।

खिलाड़ियों को मिलेगी आर्थिक सहायता

सरकार ने खिलाड़ियों की तैयारी और प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता की भी जानकारी दी है। ओलंपिक की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये और एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को करीब 135 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है।

खेल प्रतियोगिताओं पर भी रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीजन 5 सितंबर से बठिंडा में शुरू किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।

सरकार का कहना है कि ग्रामीण खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button