गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून के बाद सीएम भगवंत मान की ‘शुकराना यात्रा’, 6 से 9 मई तक प्रमुख गुरुद्वारों में करेंगे मत्था टेक
चार दिवसीय यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पंजाब के प्रमुख तख्तों और गुरुद्वारों में अरदास करेंगे। सरकार के अनुसार यात्रा का उद्देश्य संगत
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 6 से 9 मई तक चार दिवसीय ‘शुकराना यात्रा’ पर रहेंगे। राज्य सरकार के अनुसार यह यात्रा ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026’ लागू होने के बाद संगत के प्रति आभार व्यक्त करने और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अरदास करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
यात्रा की शुरुआत 6 मई को तख्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री आनंदपुर साहिब से होगी। यहां अरदास के बाद मुख्यमंत्री श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर में मत्था टेकेंगे। पहले दिन का कार्यक्रम प्रमुख धार्मिक स्थलों पर केंद्रित रहेगा।
7 मई को मुख्यमंत्री तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो पहुंचेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम फरीदकोट में रहेगा, जहां स्थानीय स्तर पर स्वागत और संगत के साथ संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रशासन ने यात्रा को देखते हुए सुरक्षा और यातायात संबंधी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
यात्रा के तीसरे दिन, 8 मई को मुख्यमंत्री मस्तुआना साहिब में दर्शन करेंगे और इसके बाद पटियाला पहुंचेंगे। पटियाला में गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में 8 और 9 मई को धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित हैं, जहां वे अरदास करेंगे और श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगे।
चार दिवसीय यात्रा का समापन 9 मई को फतेहगढ़ साहिब में होगा। सरकार का कहना है कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि लोगों से सीधे संवाद का भी माध्यम होगी। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों से मुलाकात कर सकते हैं और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। आवश्यकतानुसार यातायात प्रबंधन के लिए एडवाइजरी भी जारी की जा सकती है।





