सिरसा में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पर तोड़फोड़, चालक से हाथापाई; घटना CCTV में कैद
मोहता गार्डन में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने पहुंची गाड़ी को घेरा, सामने का शीशा तोड़ा गया
सिरसा: हरियाणा के सिरसा में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने पहुंची एक गाड़ी के साथ तोड़फोड़ और चालक से हाथापाई का मामला सामने आया है। घटना शहर के मोहता गार्डन क्षेत्र की है।
नगर परिषद ने बुधवार को शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए एजेंसियों की गाड़ियां भेजी थीं। इसी दौरान मोहता गार्डन में कूड़ा उठाने पहुंची एक गाड़ी को कुछ लोगों ने घेर लिया।
आरोप है कि लोगों ने चालक को गाड़ी से बाहर निकाला और उसके साथ हाथापाई की। इसके बाद गाड़ी के सामने का शीशा भी तोड़ दिया गया।
CCTV में कैद हुई घटना
पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा से वहां से चले गए। घटना के समय मौके पर पुलिस की कोई गाड़ी या राइडर मौजूद नहीं था।
डेढ़ सप्ताह बाद शुरू हुआ कूड़ा उठाने का काम
डेढ़ सप्ताह बाद नगर परिषद ने शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियां रवाना की थीं। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने से स्थिति बिगड़ी हुई है।




