मानसून में वन विभाग बांटेगा २ लाख पौधे मुफ्त ,लगेंगे 82 हज़ार नई पौधे
हरियाली बढ़ाने के लिए वन विभाग का बड़ा अभियान,प्राण वायु देवता योजना के तहत पुराने पेड़ो का संरक्षण जारी
झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग ने मानसून 2026 के दौरान व्यापक पौधारोपण अभियान शुरू किया है। विभाग ने इस वर्ष 82 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जबकि करीब 2 लाख पौधे स्कूलों, पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न सरकारी विभागों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
वन विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और दीर्घकालिक रखरखाव को भी सुनिश्चित करना है।
82 हजार पौधों का होगा रोपण
विभाग के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
स्कूलों और पंचायतों को मिलेंगे 2 लाख पौधे
जनभागीदारी बढ़ाने के लिए वन विभाग स्कूलों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों और सरकारी विभागों को लगभग 2 लाख पौधे नि:शुल्क उपलब्ध कराएगा। अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
‘प्राण वायु देवता योजना’ के तहत 121 पुराने पेड़ों का संरक्षण
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, झज्जर जिले में 121 ऐसे पुराने पेड़ों की पहचान की गई है, जिनकी आयु लगभग 70–80 वर्ष या उससे अधिक है। इन पेड़ों का संरक्षण हरियाणा सरकार की ‘प्राण वायु देवता योजना’ के तहत किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत पात्र संरक्षकों को इन पेड़ों की देखभाल के लिए प्रतिवर्ष ₹3,000 की सहायता (पेंशन) प्रदान की जाती है।
संरक्षण पर विशेष जोर
वन विभाग का कहना है कि पौधारोपण के साथ-साथ नियमित निगरानी, सिंचाई और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।





