पंजाब
पंजाब के नए बिजली मंत्री तरुणप्रीत सौंद ने संभाला कार्यभार
किसानों को कम से कम 8 घंटे लगातार बिजली देने के निर्देश, ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने की तैयारी
Punjab: तरुणप्रीत सौंद ने बुधवार को पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पटियाला स्थित मुख्य कार्यालय में औपचारिक रूप से बिजली मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर आगामी धान सीजन की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खेती के मौसम में कम से कम 8 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए धान सीजन बेहद महत्वपूर्ण है और बिजली व्यवस्था में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आनी चाहिए।
मंत्री ने मौजूदा बिजली ढांचे की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर, ट्रांसमिशन लाइन और अन्य उपकरणों के रखरखाव व क्षमता बढ़ाने के कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय रहते जरूरी बदलाव किए जाएं ताकि बिजली कटौती कम हो और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सके।
Patiala में हुई इस बैठक में बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अधिक मांग वाले सीजन में निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि घरेलू, कृषि और औद्योगिक उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण पर लगातार काम किया जाएगा। बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।