लुधियाना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू, AI सिस्टम से बढ़ेगी सुरक्षा
DGP गौरव यादव ने किया उद्घाटन; ट्रैफिक, सेफ सिटी और कंट्रोल यूनिट्स एक प्लेटफॉर्म पर, नशा व गैंगस्टर विरोधी अभियान की भी समीक्षा
Punjab:लुधियाना को स्मार्ट और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस लाइन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा भी मौजूद रहे।
डीजीपी ने बताया कि यह अत्याधुनिक केंद्र ट्रैफिक पुलिस, पीसीआर, सेफ सिटी प्रोजेक्ट, जिला कंट्रोल रूम और वायरलेस इकाइयों को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ेगा, जिससे आपात स्थिति में तुरंत और बेहतर प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी। शहर के 46 प्रमुख स्थानों पर एआई आधारित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया है, जो नौ प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों की पहचान करेगा।
इस सिस्टम के जरिए अंग प्रत्यारोपण जैसे संवेदनशील मामलों में ग्रीन कॉरिडोर बनाने में भी तेजी आएगी। साथ ही संदिग्ध वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग के लिए एडवांस तकनीक को भी इसमें शामिल किया गया है, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान डीजीपी ने नशा और गैंगस्टर विरोधी अभियानों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत लुधियाना में 685 मामले दर्ज किए गए हैं और 810 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान में 229 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे 44 पिस्तौल और 2 रिवॉल्वर बरामद किए गए।
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। कुल 36 डीजीपी प्रशंसा डिस्क और 15 क्लास-1 सर्टिफिकेट वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ICCC के शुरू होने से शहर में निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।





