Punjab:पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के मलोट क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक आंगनवाड़ी हेल्पर(आंगनवाड़ी हेल्पर) की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने इलाके में डर और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना फतेहपुर मनीयांवाला गांव के एक आंगनवाड़ी केंद्र की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रमणदीप कौर के रूप में हुई है, जो रोज की तरह सुबह केंद्र की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और अचानक तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारी डीएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।



