फरीदाबाद में ‘बंदर-भालू गैंग’ के 3 आरोपी गिरफ्तार, सिर मुंडवाकर बाजार में निकाली गई परेड
जमीन विवाद में युवक की टांगें तोड़ने का आरोप, पुलिस ने कार्रवाई को बताया ‘डर खत्म करने का प्रयास’
Faridabad:हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने जमीन विवाद में गंभीर हमले के आरोप में ‘बंदर-भालू गैंग’ से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक अनोखी कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का सिर मुंडवाकर उन्हें बाजार में परेड कराई गई। इस दौरान तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए, जिससे इलाके में हलचल मच गई।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 17 अप्रैल का है जब बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी निवासी प्रवीण पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने हथौड़े और डंडों से वार कर उसके पैरों की हड्डियां तोड़ दीं। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो पैर काटने तक की नौबत आ सकती है।
कैथल के होटल में पुलिस की छापेमारी, 14 युवक-युवतियां मिले
पीड़ित के परिजनों के मुताबिक, यह हमला करीब 200 गज जमीन को लेकर चल रहे विवाद का नतीजा था। दोनों पक्ष उस जमीन पर कब्जा चाहते थे, जिसके चलते यह हिंसक घटना हुई।
जांच में सामने आया कि इस गैंग के मुख्य आरोपी ‘बंदर’ उर्फ विजेंद्र और ‘भालू’ उर्फ बलराज हैं, जो पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। उनके साथ हर्ष (25), सेबिन (27) और आर्यन (26) भी इस हमले में शामिल बताए गए हैं। इनमें से हर्ष, सेबिन और आर्यन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सिटी थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही करवाई गई। इसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से उनकी सार्वजनिक परेड कराई गई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पहले से हिस्ट्रीशीटर हैं और उन पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।




