हरियाणा पुलिस में 11 साल में भ्रष्टाचार के 574 मामले, 673 अधिकारी-कर्मी शामिल
2 IPS और 1 HPS अधिकारी भी मामलों में शामिल, विधानसभा में सरकार ने साझा किए आंकड़े
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में वर्ष 2015 से 30 जून 2026 तक भ्रष्टाचार के 574 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 673 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। इनमें दो IPS और एक HPS अधिकारी भी शामिल बताए गए हैं।
यह जानकारी नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद के सवाल के जवाब में हरियाणा सरकार की ओर से विधानसभा में दी गई।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार आरोपितों में 58 कांस्टेबल, 181 हेड कांस्टेबल, 223 एएसआई, 169 एसआई और 39 इंस्पेक्टर शामिल हैं। रिकॉर्ड में IPS अधिकारी धीरज कुमार और HPS अधिकारी जय प्रकाश के खिलाफ दर्ज मामलों का भी उल्लेख है।
धीरज कुमार के खिलाफ वर्ष 2021 में मामला दर्ज हुआ था। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार विभागीय जांच पूरी हो चुकी थी और आगे की कार्रवाई लंबित थी। वहीं, जय प्रकाश के खिलाफ वर्ष 2022 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कुछ मामलों में कार्रवाई और अपील की प्रक्रिया चली
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार कई मामलों में विभागीय कार्रवाई की गई। कुछ कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया, जबकि अपील के बाद कुछ मामलों में सजा में बदलाव हुआ या कर्मचारियों को सेवा में बहाल किया गया।
होमगार्ड विभाग में 13 मामले
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में भी इस अवधि के दौरान भ्रष्टाचार के 13 मामले दर्ज किए गए। इनमें सात कंपनी कमांडर, चार प्लाटून कमांडर, एक जिला कमांडेंट और एक लिपिक शामिल हैं। कुछ मामलों में विभागीय और न्यायिक कार्रवाई लंबित बताई गई है।



