सुल्तानपुर में शांतिपूर्ण मूर्ति विसर्जन, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह और जिलाधिकारी कुमार हर्ष की सराहना
सुल्तानपुर-: जनपद सुल्तानपुर में विजयदशमी के उपरांत तीन दिनों तक चलने वाला मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी कुमार हर्ष और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के कुशल निर्देशन में जिले के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कानून व्यवस्था बनी रही। पूरे जिले में गांव-गांव और चौराहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की सूझबूझ और मजबूत पुलिसिंग व्यवस्था के चलते कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उनके निर्देश पर जिले के हर कोने में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर विसर्जन में शामिल हो सके।
इस अवसर पर एडीजी लाइन ऑर्डर प्रवीण कुमार और अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त भी जनपद में मौजूद रहे तथा पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। जिले के सभी एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निरीक्षण किया। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज स्वयं विसर्जन स्थलों पर मौजूद रहे और साफ-सफाई के कार्यों का निरीक्षण करते रहे। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी तथा एडीएम ई गौरव शुक्ला ने भी अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर पालिका टीम का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि इस वर्ष का विसर्जन कार्यक्रम पूर्ण रूप से सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण रहा। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी जिलाधिकारी कुमार हर्ष और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था एक मिसाल बन गई है।