जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण में बड़ा हादसा, फरीदाबाद में क्रेन पलटने से कई मजदूर दबे; एक की मौत
फरीदाबाद के पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गार्डर उठाते समय क्रेन पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई और चार अन्य के फंसे होने की आशंका है, बचाव कार्य जारी है।
फरीदाबाद। पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। गार्डर उठाने में लगी एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे निर्माण स्थल पर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है और 4 और के फंसे होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम हुई तेज बारिश के कारण निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन हो गई थी। बारिश थमने के बाद मजदूर दोबारा काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के लिए गार्डर उठाने का काम चल रहा था कि अचानक भारी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह भरभराकर जमीन पर पलट गई। उस समय मौके पर करीब छह से सात मजदूर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इनमें से तीन से चार मजदूर क्रेन के नीचे दब गए।
बारिश के कारण बिगड़ा क्रेन का संतुलन
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बचाव अभियान पूरा होने और सभी मजदूरों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही नुकसान का सही आंकड़ा सामने आ सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
एक श्रमिक को निकाला बाहर, राहत कार्य जारी
मौके पर भारी भरकम क्रेन के हिस्से को उठाने का काम जारी है। इस भारी भरकम क्रेन को उठाने के लिए तीन क्रेन काम कर रही हैं। सूचना के अनुसार यह क्रेन नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के एलिवेटेड मार्ग के हिस्से को उठाने का काम करती है। इसलिए इस भारी भरकम क्रेन को उठाना मुश्किल हो रहा है।
जहां श्रमिक दबे हुए हैं उस हिस्से को गैस कटर से काटा जा रहा है ताकि अंदर से श्रमिकों को निकाला जा सके। इस बीच दो श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया जिसमें एक की मौत हो गई व दूसरो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बाकी को निकालने का काम जारी है। मौके पर NHAI, प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद है।

