नई दिल्ली में MIICCIA लीजेंड एंटरप्राइज अवार्ड्स-2026 में बोले राज्यपाल, उत्तराखण्ड में पर्यटन, वेलनेस, विनिर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश का दिया आमंत्रण – राज्यपाल गुरमीत सिंह

उत्तराखण्ड – : ( नई दिल्ली ) -: उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा है कि उद्यमिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त शक्ति है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में सरकार, उद्योग और उद्यमियों की साझा भागीदारी निर्णायक होगी। राज्यपाल बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित MIICCIA लीजेंड एंटरप्राइज अवार्ड्स-2026 समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन मिलेनियल इंडिया इंटरनेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर (MIICCIA) की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया गया।
- ‘विकसित भारत 2047’ में उद्यमिता की होगी निर्णायक भूमिका: राज्यपाल गुरमीत सिंह
- नई दिल्ली में MIICCIA लीजेंड एंटरप्राइज अवार्ड्स-2026 में बोले राज्यपाल, उत्तराखण्ड में पर्यटन, वेलनेस, विनिर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश का दिया आमंत्रण
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक सफल उद्यम के पीछे दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता होती है। सैन्य अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नेतृत्व की वास्तविक परीक्षा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ही होती है। उन्होंने कहा कि MIICCIA जैसे संस्थान सरकार और उद्योग जगत के बीच सेतु का काम करते हैं, जिससे संवाद, समन्वय और सहयोग को मजबूती मिलती है। राज्यपाल ने बीते एक दशक में उद्यमिता को बढ़ावा देने में संस्था की भूमिका की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन, एमएसएमई और अन्य क्षेत्रों में तेज प्रगति हो रही है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने उद्योग जगत को उत्तराखण्ड में पर्यटन, वेलनेस, विनिर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। समारोह में राज्यपाल ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान प्रेरणादायी है और देश की विकास यात्रा में ऐसे उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

