दण्डेश्वर नाथ धाम में गोमती नदी के तट पर हुई गंगा आरती, दीपदान एवं दीपोत्सव का आयोजन !

अमेठी – : गंगा उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत मुसाफिरखाना स्थित दण्डेश्वर नाथ धाम में गोमती नदी के तट पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गंगा आरती, दीपदान एवं दीपोत्सव के माध्यम से नदी के प्रति श्रद्धा एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नदी घाट पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने सहभागिता करते हुए घाट एवं उसके आसपास की साफ-सफाई की।
इसके माध्यम से नदियों एवं उनके तटों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कोछित, जे.एन. पब्लिक स्कूल मुसाफिरखाना के छात्र-छात्राएं, वन विभाग एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि गंगा उत्सव का उद्देश्य नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजन से नदियों एवं जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।



