पंजाब

लुधियाना के होनहार बच्चों के लिए सुनहरा अवसर, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू

खेल, विज्ञान, कला, समाज सेवा और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे 31 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

लुधियाना: देश के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने बहादुरी का परिचय दिया हो, दूसरों की सहायता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हों या अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हों। इसके अलावा खेल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा कला एवं संस्कृति जैसे क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले बच्चे भी इस सम्मान के लिए पात्र हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि भारत का कोई भी नागरिक, जिसकी आयु 18 वर्ष से कम है, इस पुरस्कार के लिए नामांकन कर सकता है। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद इसकी सूचना जिला बाल संरक्षण इकाई, शिमलापुरी, गिल नहर के नजदीक, लुधियाना को देना अनिवार्य है, ताकि संबंधित विवरण सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब, चंडीगढ़ के निदेशालय को भेजा जा सके।

अधिकारियों ने अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे प्रतिभाशाली बच्चों को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि उनकी उपलब्धियों को देशभर में पहचान मिल सके।

 

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button