पंजाब

नगर निगम की खुदाई से ठप हुई बिजली आपूर्ति, भीषण गर्मी में घंटों परेशान रहे लोग

राजिंदर नगर, राम नगर और कॉलेज रोड इलाके में अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त होने से बिजली-पानी संकट, स्थानीय लोगों ने लापरवाही का लगाया आरोप

लुधियाना: शहर के सिविल लाइन क्षेत्र के राजिंदर नगर, राम नगर और कॉलेज रोड इलाकों (नगर निगम)में मंगलवार को कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज रोड स्थित एक ज्वैलर की पानी की पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत के बाद नगर निगम की टीम मरम्मत कार्य के लिए मौके पर पहुंची थी। पाइपलाइन की मरम्मत के लिए की गई खुदाई के दौरान भूमिगत बिजली की केबल क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते सुबह करीब 10 बजे से राजिंदर नगर, राम नगर और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

मामले को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा किए गए खुदाई कार्य के दौरान अंडरग्राउंड बिजली की तारें बाहर आ गईं और उन्हें नुकसान पहुंचा, जिसके कारण आपूर्ति बाधित हुई। विभाग के अनुसार, तकनीकी टीमें मरम्मत कार्य में जुटी रहीं और देर शाम तक बिजली बहाल करने के प्रयास किए गए।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि खुदाई के दौरान आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं, जिसके चलते यह समस्या उत्पन्न हुई। कई घंटों तक बिजली नहीं रहने से घरों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।

क्षेत्रवासियों ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, बिजली विभाग और नगर निगम के बीच जिम्मेदारी को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों के लोग बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। विभाग की ओर से रात तक स्थिति सामान्य होने की संभावना जताई गई है।

 

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button