पंजाब

राजनीति से दूरी, मनोरंजन पर फोकस: दिलजीत दोसांझ ने सियासी अटकलों को किया खारिज

‘मेरा काम सिर्फ एंटरटेनमेंट करना है’ — दिलजीत का साफ संदेश

Punjab:दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में आने की अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट कहा है कि उनका ध्यान केवल मनोरंजन की दुनिया पर है। सोशल मीडिया पर जारी अपने संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली संदेश में पंजाबी स्टार ने कहा कि वह अपने वर्तमान क्षेत्र में पूरी तरह संतुष्ट हैं।

दिलजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“Kade vi nahi… Mera kaam entertainment karna. I am very happy in my field. Thank you so much.”
अर्थात, “कभी नहीं… मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है। मैं अपने क्षेत्र में बहुत खुश हूं।”

राजनीति में आने की अपील के बाद बढ़ी चर्चा

हाल के दिनों में दिलजीत दोसांझ का नाम राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा था। इसकी प्रमुख वजह ‘जागो पंजाब मंच’ नामक एक सामाजिक संगठन की वह सार्वजनिक अपील बनी, जिसमें उनसे राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया था।

इस संगठन में पूर्व सैन्य अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल बताए जाते हैं। विज्ञापन में कहा गया था कि पंजाब की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए दिलजीत जैसे लोकप्रिय चेहरे का राजनीति में आना “समय की जरूरत” हो सकता है। हालांकि, दिलजीत ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया कि उनका इरादा राजनीति में प्रवेश करने का नहीं है।

खालिस्तान विवाद पर भी बोले दिलजीत

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने Aura 2026 Tour को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। इसी बीच कनाडा में हुए उनके कार्यक्रमों के दौरान खालिस्तान समर्थक समूहों के साथ कथित विवाद ने भी सुर्खियां बटोरीं।

कनाडा के विन्निपेग कार्यक्रम से पहले मंच से बोलते हुए दिलजीत ने कहा कि उन्हें दोनों तरफ से आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा,
“भारत में लोग मुझे खालिस्तानी कहते हैं, जबकि यहां कुछ खालिस्तान समर्थक मुझे ‘इंडिया वाला’ कहते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि मैं कहां का हूं, लेकिन मुझे लगता है कि मैं सही रास्ते पर हूं।”

उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे संतुलित एवं शांतिपूर्ण संदेश के रूप में देखा गया।

कैलगरी कॉन्सर्ट के बाद बढ़ा विवाद

रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 मई को कनाडा के कैलगरी में आयोजित ‘Aura 2026’ कॉन्सर्ट के दौरान कुछ लोगों द्वारा खालिस्तानी झंडे लहराने पर आपत्ति जताने के बाद विवाद बढ़ गया था। इसके बाद कुछ समर्थक समूहों ने सोशल media पर उनके खिलाफ प्रतिक्रियाएं दीं।

हालांकि, बाद में विन्निपेग में हुए कार्यक्रम में विरोध करने पहुंचे कुछ लोगों को विशेष समर्थन नहीं मिला और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

मनोरंजन जगत में लगातार सक्रिय हैं दिलजीत

दिलजीत दोसांझ वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर सबसे लोकप्रिय पंजाबी कलाकारों में गिने जाते हैं। संगीत, फिल्मों और अंतरराष्ट्रीय लाइव शो के जरिए उन्होंने भारतीय पंजाबी संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है।

राजनीतिक चर्चाओं और विवादों के बीच भी दिलजीत ने अपने ताजा बयान से यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता केवल कला, संगीत और मनोरंजन ही है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button