पंजाब

फरीदकोट केंद्रीय जेल में कैदी की मौत, 10 दिन में तीसरी घटना से उठे सवाल

हत्या केस में सजा काट रहे कैदी को अस्पताल में मृत घोषित; जेल प्रशासन ने मानसिक तनाव को बताया बड़ी वजह

Punjab:फरीदकोट की केंद्रीय जेल में सोमवार रात एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान फाजिल्का जिले के गांव काठगढ़ निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो करीब 11 साल पुराने हत्या मामले में सजा काट रहा था।

जेल प्रशासन के अनुसार, कैदी बैरक के बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत सिविल अस्पताल फरीदकोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में जेल के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है, जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले 25 अप्रैल को लुधियाना के हवालाती जुगनू बाबा की मौत हुई थी, जबकि 3 मई को फिरोजपुर के कैदी स्वर्णजीत सिंह की भी इसी तरह मौत दर्ज की गई थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर जेल प्रशासन भी चिंतित नजर आ रहा है। जेल अधीक्षक इकबाल सिंह ने कहा कि कैदियों और हवालातियों में मानसिक तनाव एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। लंबे समय तक परिवार से दूर रहना और व्यक्तिगत परेशानियां इसका मुख्य कारण हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि कैदियों की नियमित काउंसलिंग पहले से की जा रही है, लेकिन अब इसे और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन का कहना है कि कैदियों की मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देने के लिए नए कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button