पंजाब

कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी का जाल

व्हाट्सऐप पर भेजे जा रहे संदिग्ध लिंक; क्लिक करते ही हैक हो सकता है मोबाइल

Punjab: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नाम का अब साइबर अपराधी गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। पंजाब पुलिस और लुधियाना पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए एडवाइजरी जारी की है और फिशिंग लिंक के जरिए हो रही साइबर ठगी की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने के नाम पर संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है और बैंकिंग ऐप्स, पासवर्ड तथा निजी जानकारी अपराधियों के हाथ लग सकती है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, साइबर अपराधी खासतौर पर युवाओं को भावनात्मक और आकर्षक संदेशों के जरिए निशाना बना रहे हैं। संदेशों में “देश बदलाव मांग रहा है”, “युवाओं के लिए बड़ा मौका” और “सिस्टम बदलने के लिए जुड़ें” जैसे वाक्यों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इन संदेशों के साथ ‘Cockroach Janta Party’ से जुड़ने का दावा करने वाला एक लिंक भेजा जाता है, जो वास्तव में फिशिंग लिंक होता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति जिज्ञासा या भावनाओं में आकर उस लिंक पर क्लिक करता है, साइबर अपराधियों को मोबाइल फोन का एक्सेस मिल सकता है। इसके बाद वे बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी, पासवर्ड और निजी डेटा चोरी कर सकते हैं।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि साइबर ठग पीड़ित के बैंक खाते से पैसे निकालने के साथ-साथ उसके नाम पर ऑनलाइन लोन तक ले सकते हैं।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने पर बैंक खाते से निकाली गई रकम को रोके जाने की संभावना बढ़ जाती है।

गौरतलब है कि व्यंग्यात्मक डिजिटल संगठन ‘Cockroach Janta Party’ हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया था। इसके संस्थापक Abhijeet Deepke ने दावा किया था कि भारत लौटने पर उन्हें गिरफ्तारी का डर है। फिलहाल वह अमेरिका के बोस्टन में रह रहे हैं।

कुछ ही दिनों में CJP के सोशल मीडिया फॉलोअर्स करोड़ों में पहुंच गए थे, जिसके बाद यह इंटरनेट पर बड़ा ट्रेंड बन गया।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button