पंजाब में बारिश और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, सरकार ने शुरू किया नुकसान का आकलन
अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, गिरदावरी के बाद मिलेगा मुआवजा
पंजाब:पंजाब में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को तुरंत फसल क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।सरकार द्वारा ‘गिरदावरी’ यानी फसल नुकसान सर्वे शुरू कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद जिन किसानों की फसलें प्रभावित पाई जाएंगी, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को किसी भी हालत में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार उनके साथ खड़ी है।
राज्य के अमृतसर, बठिंडा, मुक्तसर, होशियारपुर, तरन तारन और फतेहगढ़ साहिब जैसे जिलों से सबसे अधिक नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कई किसानों का कहना है कि अचानक बदले मौसम ने उनकी तैयार फसलों को पूरी तरह खराब कर दिया।किसानों ने सरकार से जल्द राहत देने की मांग की है, ताकि वे अपने आर्थिक नुकसान से उबर सकें। वहीं, केंद्र स्तर पर भी राहत पैकेज की मांग उठने लगी है।
सरकार का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट आते ही प्रभावित किसानों को पारदर्शी तरीके से मुआवजा दिया जाएगा, ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके।





