पंजाब

हरियाणा में वोटर लिस्ट का बड़ा अपडेट: SIR में 34 लाख नाम हटे

30 अगस्त तक नाम जुड़वाने और त्रुटि सुधार का मौका, निर्वाचन विभाग ने लाखों मतदाताओं को जारी किए नोटिस

चंडीगढ़: हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव सामने आए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार, करीब 34 लाख संदिग्ध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं, जबकि लगभग 44 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां पाई गई हैं।

निर्वाचन विभाग ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 30 अगस्त 2026 तक अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार अवश्य करवा लें।

44 लाख रिकॉर्ड में क्या मिलीं गड़बड़ियां?

विभाग के अनुसार, लगभग 28 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा रहे हैं, जबकि करीब 16 लाख मामलों में पुराने रिकॉर्ड की मैपिंग नहीं मिली। इन त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

42.69 लाख से अधिक नोटिस जारी

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग अब तक 42.69 लाख से अधिक नोटिस जारी कर चुका है। अधिकांश नोटिस बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए गए हैं। हालांकि, विभाग का कहना है कि अपेक्षा के अनुरूप आवेदन अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं।

30 अगस्त तक करें ये जरूरी काम

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नया नाम जुड़वा सकता है। वहीं नाम, पता, आयु या अन्य जानकारी में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है। दोनों प्रकार के आवेदन 30 अगस्त 2026 तक संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) या BLO के पास जमा किए जा सकते हैं।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button