बैंक में लूट!(बैंक-)
नूंह. हरियाणे के नूंह जिले में इंडरी खंड में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक (बैंक-) की शाखा से 48 लाख 40 हजार रुपये की नगदी गायब होने का मामला सामने आया है. बैंक कर्मचारी सुबह शाखा में पहुंचे तो इसका खुलासा हुआ. इतनी बड़ी रकम बैंक से गायब होने पर बैंक कर्मियों के होश उड़ गए. आनन-फानन में बैंक कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी. फिलहाल पुलिस कार्रवाई में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम कर्मचारी बैंक का काम बंद कर हर रोज की तरह शाखा बन्द करके गए थे. बुधवार की सुबह 10 बजे के करीब बैंक कर्मचारी शाखा में पहुंचे तो उन्हें लॉकर खुले मिले. जांच करने पर पता चला की शाखा से 48 लाख 40 हजार रुपये की नगदी गायब थी. बैंक कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी. इसके बाद उच्च अधिकारियों में भी हडकंप मच गया. जो आनन – फानन में बैंक शाखा में पहुंचे. जहां पर उन्होंने अपने स्तर पर शाखा स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी. थोड़ी देर बाद रोजका मेव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था.
हरियाणा ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक जय भगवान ने बताया कि अभी वह अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं. पुलिस को शिकायत दी जाएगी. पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक स्टाफ की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. बैंक लॉकर की नकली चाबी से वारदात को अंजाम दिया गया है. नकली चाबी से खोलने का अनुभव सिर्फ स्टाफ के कर्मचारियों को ही हो होता है. एक लॉकर के लिए तीन – तीन चाबियां होती हैं, इसलिए बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. फिलहाल पुलिस और बैंक स्टाफ कुछ भी कहने से बच रहा है.


