पंजाब में जल्दी शुरू की जाएगी AI education – शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
'ब्राइट माइंड पंजाब 2026' में की गई घोषणा , छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए किया जायेगा तैयार
लुधियाना | पंजाब सरकार ने स्कूली शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि अगले महीने से पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य छात्रों को नई तकनीक से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के रोजगार बाजार के लिए तैयार करना है।
लुधियाना में आयोजित ‘ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछले एक वर्ष से AI आधारित शिक्षा मॉडल पर काम कर रही थी। अब इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और इसे सरकारी विद्यालयों में लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि AI आने वाले वर्षों में नए रोजगार के अवसर पैदा करेगी और कई पारंपरिक नौकरियों का स्वरूप भी बदलेगा। इसलिए छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करना समय की जरूरत है।
उन्होंने मूल्यांकन प्रणाली में सुधार, नकल पर प्रभावी रोक और वैज्ञानिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।





