मणिमहेश यात्रा के दौरान पंजाब के श्रद्धालु की दर्दनाक मौत, चलती थार पर पहाड़ी से गिरा विशाल पत्थर
हिमाचल के चंबा-भरमौर मार्ग पर हुए हादसे में होशियारपुर निवासी श्रद्धालु की मौके पर मौत हो गई। वाहन में सवार चार अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंबा:मणिमहेश यात्रा (Manimahesh Yatra News)पर निकले पंजाब के एक श्रद्धालु की हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बुधवार तड़के चंबा-भरमौर मार्ग पर बग्गा के पास हुआ, जहां पहाड़ी से एक विशाल पत्थर चलती थार वाहन पर आ गिरा। दुर्घटना में होशियारपुर निवासी 40 वर्षीय माखन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे चार अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, माखन सिंह अपने साथियों के साथ मणिमहेश यात्रा के लिए हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे उनकी गाड़ी बग्गा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर टूटकर वाहन के सनरूफ पर गिर गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और माखन सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में वाहन में सवार अन्य चार श्रद्धालुओं को कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरना माना जा रहा है।
लगातार हो रही बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेने, संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





