प्रॉपर्टी विवाद में इलाज के दौरान 22 वर्षीय युवक की मौत , माँ ने आत्महत्या के लिए उकसाने का दर्ज़ कराया केस
प्रॉपर्टी विवाद के बाद लगातार दी जा रही थी धमकियां,पुलिस ने FIR के बाद शुरू की जाँच
बठिंडा। पंजाब के बठिंडा में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक मामला गंभीर मोड़ पर पहुंच गया। 22 वर्षीय युवक की कथित रूप से जहरीला पदार्थ (सल्फास) निगलने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शगुन बंसल (22) के रूप में हुई है, जो बठिंडा के बल्लाराम नगर का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शगुन प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का काम करता था और एक संपत्ति सौदे को लेकर भागू रोड निवासी एक व्यक्ति के साथ उसका विवाद चल रहा था।
मां ने लगाए लगातार धमकियां देने के आरोप
मृतक की मां मीनाक्षी बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद के बाद आरोपी उनके बेटे को लगातार फोन कॉल और संदेशों के जरिए धमकियां दे रहा था। उनके अनुसार, इन कथित धमकियों के कारण शगुन लंबे समय से मानसिक तनाव में था और काफी परेशान रहने लगा था।
परिजनों का कहना है कि बुधवार को शगुन ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते घर में सल्फास निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मृतक की मां के बयान के आधार पर थाना थर्मल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।





