डीएवी कॉलेज के छात्रों का विधिक सेवा शिविर संपन्न; ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की जरूरत =: डॉ. अनिल वर्मा
देहरादून -: डीएवी (पीजी) कॉलेज के विधि विभाग द्वारा सहस्त्रधारा रोड स्थित अपोलो इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का शानदार आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कॉलेज के पूर्व निदेशक व छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि “इग्नोरेंस ऑफ़ लॉ इज नो एक्सक्यूज़” यानी कानून की जानकारी न होना कोई बहाना नहीं है। अदालत सबूतों पर चलती है, अनभिज्ञता पर नहीं। उन्होंने विधि के छात्रों का आह्वान किया कि वे केवल जज या वकील बनने तक सीमित न रहें, बल्कि एक नैतिक जिम्मेदारी के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में जाकर निर्धन, मजदूरों, महिलाओं और बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता देकर जागरूक करें।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) कौशल कुमार ने कहा कि संविधान समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त वकील और कानूनी परामर्श का अधिकार देता है। विशिष्ट अतिथि अपोलो स्कूल के चेयरमैन मोहित बंसल ने इस शिविर को आम जनता के लिए बेहद लाभकारी बताया। विधि विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल दीक्षित ने छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए गर्व से साझा किया कि विगत 10 वर्षों में डीएवी कॉलेज के 25 विधि छात्रों का चयन जज के रूप में हुआ है, जो कि एक विशिष्ट उपलब्धि है।
कार्यक्रम संयोजक व प्रवक्ता डॉ. विवेक त्यागी के कुशल मार्गदर्शन में विधि के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कानूनी विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और टोल-फ्री नंबर भी जारी किए। इनमें अर्निमा कौशिक ने दिव्यांगजन अधिकार, प्रशांत चौहान ने बाल संरक्षण, वंदना दिवाकर ने दहेज प्रथा, रूपा यादव ने संपत्ति अधिकार, बलविंदर सिंह ने उत्तराखंड भूमि कानून, आयुष्मान ने आपदा प्रबंधन, तानिया ने मानसिक स्वास्थ्य, शगुन ने महिला सुरक्षा, हरप्रीत ने पशु सुरक्षा, आशीष ने निःशुल्क कानूनी सहायता, कमलदीप ने भ्रष्टाचार निवारण, अक्षिता ने भरण-पोषण, भावना ने बाल कल्याण, रितेश ने उत्तराधिकार, नेहा व शिवानी ने मोटर दुर्घटना तथा आकांक्षा व आराधना ने महिला व वन कानून पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
इस अवसर पर डॉ. जेएस चांदपुरी, डॉ. अपूर्व मावई, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. प्रतिमा सिंह, चीफ प्रॉक्टर डॉ. एसवी त्यागी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आरके शर्मा, डॉ. विनीत विश्नोई, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल व शुभम सेमल्टी सहित करीब 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. राजेश कुमार दुबे ने किया तथा संचालन अर्णिमा व कमलप्रीत ने संयुक्त रूप से किया।
