main slideपंजाब
पंजाब 2027 चुनाव: AAP फिर बनाएगी रिकॉर्ड, अरविंद केजरीवाल ने भरी जीत की हुंकार
लुधियाना दौरे पर बोले केजरीवाल- पंजाब में सरकार के कामों से खुश जनता, विपक्ष मुद्दाविहीन
दो दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने लुधियाना में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनके साथ मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के चार साल पूरे होने के बाद जनता सरकार के कामों से संतुष्ट नजर आ रही है। उन्होंने दावा किया कि लोगों के बीच बिजली, पानी और किसानों से जुड़े फैसलों की चर्चा हो रही है।
केजरीवाल ने कहा कि राज्य में मुफ्त बिजली योजना और नहरों का पानी खेतों तक पहुंचाने जैसे कदमों का किसानों और आम लोगों को फायदा मिला है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आप प्रमुख ने कहा कि विरोधी पार्टियों के पास अब सरकार के खिलाफ कोई बड़ा मुद्दा नहीं बचा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले महीनों में आम आदमी पार्टी पंजाब में संगठन को और मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रम और जनसभाएं आयोजित कर सकती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज होने लगी हैं।