देहरादून

तुलाज़ इंस्टीट्यूट में मैनेजमेंट गेम्स का सफल समापन, मेरठ की टीम ने मारी बाजी !

देहरादून  -:  राजधानी स्थित प्रतिष्ठित तुलाज़ इंस्टीट्यूट में आयोजित तीन दिवसीय ‘एआईएमए स्टूडेंट मैनेजमेंट गेम्स (SMG) रीजनल राउंड 2025–26’ का शानदार समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों के भावी प्रबंधकों ने अपनी रणनीतिक और विश्लेषणात्मक क्षमताओं का लोहा मनवाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को कक्षा के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक व्यावसायिक चुनौतियों में उतारने का अवसर प्रदान करना था।

तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 7 विभिन्न संस्थानों की 54 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन 29 टीमों के 96 प्रतिभागियों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशन्स और कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर आधारित पांच कठिन राउंड आयोजित किए गए। प्रथम दिन से 10 टीमों ने फिनाले के लिए क्वालीफाई किया। दूसरे दिन शेष 25 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जहाँ से 10 और टीमों ने अपनी जगह फिनाले में सुरक्षित की। अंतिम दिन कुल 20 सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत हुई, जिसमें छात्रों ने उत्कृष्ट टीमवर्क और निर्णय लेने की दक्षता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के परिणामों में एमईआईटी (MIET), मेरठ के छात्रों का वर्चस्व रहा। संस्थान की टीम (हर्ष वर्मा, दिविज और रक्षित गुप्ता) ने प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, मेरठ की ही दूसरी टीम (शिवी रस्तोगी, समिक्षा, विकास और तुषार बुचिस) उपविजेता रही। प्रतियोगिता में तीसरा स्थान आरआईटी (RIT), रुड़की की टीम (अमन कुमार मोदक, स्नेहा गुप्ता, पियूष मंडल और नीरज कुमार) ने प्राप्त किया।  इस अवसर पर तुलाज़ इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. शैलेंद्र कुमार तिवारी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को भविष्य की कॉर्पोरेट चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक डॉ. निशांत सक्सेना, रजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार उपाध्याय, विभागाध्यक्ष डॉ. अर्घ्य सरकार सहित एआईएमए (AIMA) के प्रबंधक प्रदीप कुमार और सहायक निदेशक आशु सीकरी मौजूद रहे। संस्थान ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button