इटली के कोवो में गुरुद्वारे के बाहर फायरिंग: दो सिख सेवादारों की मौत, एक घायल
बैसाखी की तैयारियों के दौरान हमला, पुलिस हमलावर और कारण की जांच में जुटी
Punjab:इटली के कोवो शहर( कोवो शहर) में गुरुद्वारे के बाहर हुई गोलीबारी की घटनाने पूरे सिख समुदाय को झकझोर दिया है। इस हमले में दो सिख सेवादारों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 11:50 बजे हुई, जब गुरुद्वारे में बैसाखी के अवसर पर नगर कीर्तन की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान एक कार में सवार हमलावर ने गुरुद्वारे के बाहर मौजूद लोगों पर अचानक फायरिंग कर दी।
इस हमले में राजिंदर सिंह (48) और गुरमीत सिंह (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। एक अन्य व्यक्ति इस घटना में घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बैसाखी के लिए आयोजित होने वाला नगर कीर्तन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
पुलिस ने मौके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावर भारतीय मूल का हो सकता है, हालांकि अभी तक इस हमले के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है।
अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारण शामिल हैं।





