शब्दों की भूल भुलैया में उलझा कर राज्यवासियों को छल रही है धामी सरकार – गणेश गोदियाल

देहरादून -: राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए 1.11 लाख करोड़ रुपये के बजट पर प्रदेश कांग्रेस ने तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘शब्दों का भ्रम’ और ‘दिशाहीन एवं दृष्टिहीन’ करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि धामी सरकार जनता को केवल आंकड़ों के जाल में फंसाकर छल रही है और यह बजट राज्य की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह नाकाम रहा है।
गोदियाल ने कहा कि सरकार बजट के आकार को अपनी उपलब्धि बता रही है, लेकिन यह मात्र एक भ्रम है। उन्होंने कहा कि इस बजट का एक बड़ा हिस्सा कर्ज लेकर तैयार किया गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड का कर्ज 90 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। “अगर कर्ज बढ़ता जाए और रोजगार न बने तो बड़ा बजट नहीं, बड़ी आर्थिक चिंता कहलाता है। सवाल यह है कि आम आदमी की जेब में क्या गया?” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बजट को युवाओं के लिए बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी दर देश के सबसे ऊंचे राज्यों में गिनी जा रही है, लाखों युवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बजट में रोजगार सृजन की कोई ठोस योजना नहीं है।
गोदियाल ने कहा, “यूकेएसएसएससी, पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं का भविष्य बर्बाद किया है, लेकिन सरकार ने बजट में पारदर्शी भर्ती तंत्र स्थापित करने की बजाय चुप्पी साध ली। यह बेरोजगारी पर सन्नाटा है।”
गणेश गोदियाल ने कहा कि पहाड़ खाली हो रहे हैं और हजारों गांवों में ताले लग चुके हैं, लेकिन इस बजट में रोजगार आधारित स्थानीय अर्थव्यवस्था की कोई ठोस नीति नहीं दिखी।किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य के किसान महंगे बीज, खाद और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं। “न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है और कृषि आधारित उद्योगों के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। यह बजट किसानों को राहत देने में पूरी तरह असफल है।” गोदियाल ने राज्य की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन बजट में महिला सुरक्षा के लिए मजबूत ढांचा या विशेष योजना पेश नहीं की गई है।
गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि यह बजट राज्य के भविष्य का रोडमैप नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया “घोषणापत्र जैसा बजट” है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड को विज़न चाहिए, भाजपा सिर्फ विज्ञापन दे रही है। भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, पहाड़ खाली हो रहे हैं और सरकार बजट पेश करके अपनी पीठ थपथपा रही है।”
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बजट के खिलाफ जनता को जागरूक करेगी और सरकार के हर गलत कदम का विरोध करेगी।
