पंजाब:पंजाब के अबोहर से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवक रक्षपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह रविवार को ही नशा छुड़ाओ केंद्र से तीन महीने का इलाज पूरा करके घर लौटा था।परिवार के मुताबिक, रक्षपाल सुबह करीब 11 बजे घर पहुंचा था। बेटे के ठीक होकर लौटने से घर में खुशी का माहौल था, लेकिन यह खुशी कुछ ही घंटों में गहरे दुख में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, घर लौटने के कुछ समय बाद रक्षपाल बिना बताए कार लेकर निकल गया। जब वह लंबे समय तक वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में वह बाईपास स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के पास अपनी कार में बेसुध हालत में मिला।
उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षपाल अपने पिता का इकलौता बेटा था और हाल ही में नशे की लत से बाहर निकलकर नई जिंदगी शुरू करने की उम्मीद थी।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने पोस्टमार्टम और किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।